ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर कक्षाओं में नामांकन के लिए प्रकाशित पहली सूची के आधार पर नामांकन संपन्न होने के बाद रिक्त बची सीटों पर नामांकन के लिए शनिवार की देर शाम दूसरी सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस सूची में दो हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के नाम शामिल हैं।
अध्यक्ष छात्र कल्याण कार्यालय से प्रकाशित सूची के अनुसार नामांकन नौ से 13 मई तक होगा। यह नामांकन 21 पीजी विभागों सहित करीब आधा दर्जन से अधिक पीजी शिक्षण कॉलेजों में होगा। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि विभागाध्यक्ष या प्रधानाचार्य जांच के बाद छात्र-छात्राओं का नामांकन करेंगे ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न रह जाय।
इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को निर्देश दिया गया है कि विश्वविद्यालय की वेबसाइट से चयन पत्र डाउनलोड कर आवंटित महाविद्यालय या विश्वविद्यालय विभाग में जाकर अपना नामांकन सुनिश्चित कराएंगे। कुछ विषयों में वैसे छात्र जो ऑनलाइन आवेदन समय पर कर चुके हैं, वे संबंधित विभाग या कॉलेज में जाकर रिक्त सीटों के विरुद्ध अपना सीधा नामांकन करा सकते हैं। ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए चयन पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। इन विषयों में प्राचीन भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, नाट्य, संस्कृत, मैथिली, उर्दू, दर्शनशास्त्रत्त्, गणित-कला शामिल हैं। इन विषयों में रिक्त सीटों पर छात्र जाकर सीधे नामांकन करा सकते हैं।
उन्हें चयन पत्र की जरूरत नहीं होगी। इन विषयों में अब तक सीटें खाली हैं और आवेदन देने वाले छात्रों की संख्या कम है। इन छात्रों के लिए भी नामांकन की अर्हता वही होगी जो पूर्व से लागू है। सभी विभागाध्यक्षों से नामांकित छात्रों की विवरणी दिए गये प्रपत्र में भरकर 14 मई तक अध्यक्ष छात्र कल्याण कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्दश दिया गया है ताकि सूची को अद्यतन किया जा सके। उधर, प्रधानाचार्यों से कहा गया है कि नामांकित छात्रों की विवरणी अगर डैसबोर्ड पर 14 मई तक अद्यतन नहीं की जाएगी तो वैसी सीटों को रिक्त मान लिया जाएगा।

0 Comments